घरों में बिजली उपकरणों की बढ़ती संख्या के साथ खपत भी बढ़ गई है। एसी, गीजर, इंडक्शन आदि के इस्तेमाल के बीच यूपीसीएल ने कम स्वीकृत लोड पर ज्यादा बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती शुरू कर दी है।
यूपीसीएल ने ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं जो कम लोड पर ज्यादा बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। नोटिस में उपभोक्ताओं को अपने वास्तविक बिजली की जरूरत के अनुसार स्वीकृत लोड बढ़वाने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि लोड न बढ़ाने पर उपभोक्ताओं का बिजली का बिल बढ़कर आएगा उस लोड को भी बिल में ही जोड़ा जाएगा। ऐसा केवल घरेलू कनेक्शनों पर ही होगा। बताया कि लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं जिनमें से कई लोग लोड बढ़वा भी रहे हैं। कहा कि यदि लोगों के घरों में बिजली के उपकरण बढ़ गए हैं और बिजली की खपत भी बढ़ी है तो ऐसे में लोगों को अपने घरों के लोड समय से बढ़वा लेने चाहिए।
इससे बिजली व्यवस्था पर कम दबाव पड़ेगा और आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में भी मदद होगी। उपखंड अधिकारी सेलाकुई अर्चित भट्ट ने बताया कि अपने लोड से 120 प्रतिशत तक लोड बढ़ने पर नोटिस दिए जाते हैं।
एचपी और एलपी लाइन के अतिक्रमण पर भी दिए जा रहे नोटिस
उपखंड अधिकारी अर्चित भट्ट ने कहा कि एचपी और एलपी लाइन के पास निर्माण कार्य करने और उन्हें अतिक्रमित करने वालों को भी सुरक्षा की दृष्टि से इसको हटाने के नोटिस दिए जा रहे हैं। ऐसा न करने पर शासन को रोल में ले सकते हैं और उस निर्माण कार्य को रोकने और तोड़ने की भी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि अब तक अतिक्रमण हटाने के लिए करीब 29 लोगों को नोटिस भेजे जा चुके हैं।