संतोष ट्राफी के लिए उत्तराखंड टीम में जगह बनाने वाले रेशव तोमर।
- फोटो : VIKAS NAGAR
साहिया। जौनसार-बावर क्षेत्र के कोटी गांव निवासी रेशव तोमर का चयन संतोष ट्रॉफी के लिए हुआ है। वह उत्तराखंड की टीम से इस ट्रॉफी में हिस्सा लेंगे। रेशव के चयन से गांव में खुशी का माहौल है। वह जौनसार बावर क्षेत्र से इस ट्रॉफी के लिए चयनित होने वाले पहले व्यक्ति हैं।
21 वर्षीय रेशव की प्रारंभिक शिक्षा पुणे महाराष्ट्र में हुई है। उनके पिता राम सिंह महाराष्ट्र में वर्तमान में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च पुणे में वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत हैं जबकि, उनकी माता प्रमिला तोमर गृहणी हैं। पुणे में रहते हुए भी वह हमेशा अपने गांव और राज्य से जुड़े रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने महाराष्ट्र की टीम से न खेलते हुए उत्तराखंड की टीम से ट्रॉफी में हिस्सा लेने का निर्णय लिया है। रेशव के पिता का कहना है कि बचपन से ही रेशव को फुटबॉल खेलने का बहुत शौक रहा है। स्कूूल के साथ ही वह कॉलेज की टीम से भी फुटबॉल में प्रतिभाग करते हुए मैन ऑफ द प्लेयर के खिताब से नवाजे जा चुके हैं। रेशव वर्तमान में ग्रेजुएशन कर रहे हैं। गांव निवासी सुरजन सिंह तोमर का कहना है कि ट्रॉफी में चयनित होकर रेशव ने न सिर्फ गांव का नाम रोशन करने के साथ ही पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।