आरक्षण के साथ ही सीधी भर्ती के रोस्टर को लेकर रार छिड़ गई है। उत्तराखंड जनरल ओबीसी इम्प्लाइज एसोसिएशन ने आगाह किया है कि प्रदेश सरकार ने रोस्टर निरस्त किया तो बिना नोटिस आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।
एसोसिएशन ने शनिवार को देहरादून के एक होटल में एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें एसोसिएशन सभी प्रदेश पदाधिकारी, जनपदों के संयोजक व विभिन्न संघों, परिसंघों के प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव शिरकत करेंगे।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि पदोन्नति पर रोक लगाए जाने को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। बैठक में अगले चरण के आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने सीधी भर्ती के रोस्टर की नीति को लेकर जारी शासनादेश को प्रदेश सरकार का सही निर्णय करार दिया।
कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग को 19 फीसदी आरक्षण है। रोस्टर में एससी का पहला पद होने के कारण उस वर्ग को तय सीमा से अधिक पदों पर आरक्षण दिया जा रहा था। प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार की तर्ज पर रोस्टर की नीति निर्धारित की है।