प्रमोशन पर रोक के विरोध में जनरल ओबीसी कर्मचारी 20 फरवरी को प्रस्तावित महारैली में अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान करेंगे। उत्तराखंड जनरल ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन ने महारैली को सफल बनाने के लिए सभी जिला संयोजकों व अन्य घटक संघों के पदाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
प्रमोशन में आरक्षण के मुद्दे पर सात फरवरी को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी प्रमोशन पर रोक न हटाने से जनरल ओबीसी कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने की ठान ली है। 20 फरवरी को देहरादून में प्रदेश स्तरीय महारैली में कर्मचारी परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए कूच करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का पुतला फूंककर जनरल ओबीसी कर्मचारी अपना विरोध जताएंगे।
जनरल ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि प्रमोशन पर रोक हटाने में सरकार की ओर से हीलाहवाली की जा रही है। हाईकोर्ट के आदेश पर सरकार ने ही सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की थी। इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद भी सरकार प्रमोशन पर लगी रोक को नहीं हटा पा रही है। प्रदेश के सभी विभागों में हजारों कर्मचारी प्रमोशन से वंचित हैं।
सचल दल का गठन
एसोसिएशन ने महारैली में प्रदेश भर से कर्मचारियों की भागीदारी तय करने के लिए सचल दल का गठन किया है, जिसमें मान्यता प्राप्त घटक संघों के पदाधिकारियों, उच्च अधिकार प्राप्त संयोजक मंडल के सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई।
सामाजिक संगठनों व पेंशनरों को भी महारैली का निमंत्रण
जनरल ओबीसी कर्मचारियों की महारैली के लिए अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन समेत अन्य सामाजिक संगठनों को निमंत्रण दिया गया है।