विकासनगर। वन विभाग के सर्पमित्र ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से तीन सांपों का रेस्क्यू किया। उन्होंने कब्जे में लिए गए सभी सांपों को सुरक्षित आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज को शुक्रवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे ग्राम पंचायत बड़वा स्थित एक आवासीय भवन में सांप दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना पर मौके पर पहुंचे विभाग के सर्पमित्र आदिल मिर्जा ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। दूसरी सूचना पर दोपहर दो बजे हरबर्टपुर से एक और लगभग पौने तीन बजे मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत नवाबगढ़ स्थित एक आवासीय भवन से एक रैट स्नेक का रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया पकड़े गए तीनों सांप को उनके प्राकृतिक आवासीय क्षेत्र के हिसाब से आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया है।