देहरादून। बारिश में सड़कों में हुए गड्ढों को गिनने के बाद जिले के अफसरों को दो दिन में रिपोर्ट देनी थी लेकिन बीते 10 दिन से अब भी गड्ढे गिनने का काम जारी है। धीरे-धीरे पहुंच रही अफसरों की रिपोर्ट को आपदा प्रबंधन विभाग संकलित करने में जुटा है। अभी तक 36 अधिकारियों ने विभिन्न सड़कों पर 401 गड्ढे गिनकर रिपोर्ट प्रस्तुत की है। इनमे कई सड़कें पूरी तरह खराब पाई गई हैं। ये सभी गड्ढे ऐसे हैं जिनसे यातायात प्रभावित हो रहा है।
बता दें कि सरकार ने बारिश के कारण खराब हुई सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए 15 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की थी। इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने देहरादून के 92 प्रमुख और लिंक मार्गों पर गड्ढे गिनने के लिए 46 अफसरों की ड्यूटी लगाई थी। गत 28 सितंबर को उन्होंने निर्देश जारी करते हुए दो दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी थी। यानी यह रिपोर्ट एक अक्तूबर तक आपदा प्रबंधन को हर हाल में दी जानी थी। ताकि, गड्ढे भरने के लिए योजना को बजट के साथ तैयार किया जा सके। कुछ अधिकारियों ने तो रिपोर्ट समय पर दे दी लेकिन कई अधिकारी ऐसे रहे जिन्होंने दो और तीन अक्तूबर को भी निरीक्षण दर्शाया है।
सूत्रों के अनुसार अब तक 36 अधिकारियों की रिपोर्ट पहुंची है जिन्होंने 401 गड्ढे गिनकर फोटो उपलब्ध कराए हैं। हालांकि, बताया यह भी जा रहा है कि रिपोर्ट का कोई निर्धारित प्रारूप तैयार नहीं था तो इसके संकलन में भी देरी हो रही है। अभी छह अधिकारियों की रिपोर्ट आनी बाकी है। यानी ये अधिकारी फिलहाल गड्ढे गिनने में ही लगे हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग अभी इनके संकलन में ही लगा हुआ है। संकलन होने के बाद ही सभी गड्ढों की संख्या और सड़कों की वास्तवित स्थिति का पता चल सकेगा।
सबसे ज्यादा गड्ढे कारगी से मोथरोवाला रोड में
सबसे ज्यादा गड्ढे अधिकारियों ने कारगी चौक से मोथरोवाला तक गिने हैं। इस पूरी सड़क पर 78 बड़े गड्ढे हैं जिनसे यातायात प्रभावित हो रहा है। अब तक के निरीक्षण में कुल चार सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त बताई गई हैं। इनमें से कुछ मार्ग ऐसे भी हैं जहां पर विभिन्न निर्माण कार्य चल रहे हैं जिनसे सड़क क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि, अधिकतर सड़के अतिवृष्टि के कारण खराब हुई हैं।