देहरादून से विकासनगर की ओर जा रहे कप्तान को जाम में फंसना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने पूरी चौकी को ही लाइन हाजिर कर दिया।
दरअसल एसएसपी केवल खुराना को पूरे रास्ते कोई पुलिसकर्मी नजर ही नहीं आया, इसको लापरवाही मानते हुए उन्होंने पूरी चौकी को ही लाइन हाजिर होने का हुक्म सुना दिया।
विकासनगर लूट की घटना होने के बाद गुरुवार को एसएसपी केवल खुराना मौका निरीक्षण करने जा रहे थे। उनका वाहन जैसे ही प्रेमनगर चौकी से गुजरा वहां से आगे प्रेमनगर बाजार तक उन्हें कोई भी पुलिस का जवान नहीं दिखा।
दूसरी ओर बाजार चौक पर भारी जाम लगा हुआ था। उन्होंने इसे चौकी पुलिस की घोर लापरवाही माना और वाहन से ही वायरलेस कर तुरंत पूरी चौकी को लाइन हाजिर कर दिया। चौकी तो कप्तान के गुस्से की शिकार हुई ही प्रभारी को भी तुरंत बदल दिया गया।
कप्तान के फरमान के बाद अब प्रभारी विकास रावत के स्थान पर जिम्मेदारी आरएस खोलिया संभालेंगे। बताया जा रहा है कि चौकी प्रभारी विकास रावत पिछले कई दिनों से खनन माफियाओं की नाक पर दम किए हुए थे। वह हर दिन माफियाओं की ट्रैक्टर और ट्रकों को सीज कर रहे थे।
नैथानी होंगे जोगीवाला चौकी प्रभारी
चंद्र चंद्राकर नैथानी अब जोगीवाला चौकी प्रभारी होंगे। मंगलवार को एसएसपी ने रिश्वत लेने के आरोप में प्रभारी चौकी प्रभारी गिरीश नेगी को लाइन हाजिर कर दिया था।
उनके स्थान पर रजत कसाना को प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन कसाना छुट्टी पर चल रहे हैं। इसलिए बुधवार को चंद्र चंद्राकार नैथानी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।