ग्राम अलसी की क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को लेकर किए गए ग्रामीणों के प्रदर्शन के तुरंत बाद लोक निर्माण विभाग ने पानी की लाइन को ठीक कराने का कार्य शुरू कर दिया है। इस क्रम में बुधवार को विभाग के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन का मौका मुआयना किया।
हईया-अलसी-सकनी मोटर मार्ग के सुधारीकरण के दौरान छह महीने पहले क्षतिग्रस्त हुई अलसी गांव की पेयजल लाइन के कारण ग्रामीणों को कठिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। बार-बार शिकायत के बावजूद लाइन को ठीक नहीं कराने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को लोनिवि के साहिया स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शन के तुरंत बाद हरकत में आए अधिकारियों ने सुबह सवेरे ही मौके पर टीम भेजकर टूटी पेयजल लाइन की नापतौल का काम शुरू कर दिया। विभाग की कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
मौका मुआयना की कार्रवाई के दौरान लोनिवि से राकेश कुमार, दयाल सिंह बिष्ट, कुंदन सिंह बिष्ट, जयपाल सिंह, आलम सिंह, गंभीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, विपिन बिष्ट आदि मौजूद रहे।