श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राओं को फिर से बड़ी राहत मिली है। अब 31 जुलाई तक समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में स्नातक पाठ्यक्रम के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई थी। प्रवेश की प्रकिया भी शुरू कर दी गई थी। हालांकि प्रवेश के इच्छुक कई छात्र-छात्राएं आवेदन की तिथि को कुछ और दिन बढ़ाने की मांग कर रहे थे। महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमार चौहान भंडारी ने बताया कि श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की ओर प्रवेश के लिए आवेदन की तिथि को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। प्रवेश प्रकिया शुरू करने की तिथि भी 31 जुलाई ही है। उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं https://ukadmission.samarth.ac.in/ पर लॉग इन कर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर पाठयक्रम में भी प्रवेश की तिथि 31 जुलाई ही है।