उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण चार धाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। केदारनाथ और श्रीनगर में हेलिकॉप्टर सेवा भी स्थगित है। बिगड़े मौसम की वजह से शनिवार को गंगोत्री व यमुनोत्री की यात्रा सुबह से ही स्थगित थी। दोपहर को मंडलायुक्त ने केदारनाथ व बदरीनाथ सहित चारों धामों की यात्रा दो दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी। शनिवार को केदारनाथ के लिए हेली सेवा भी संचालित नहीं हुई। श्रीनगर से भी हेलिकॉप्टर सेवा बाधित रही।
चमोली जिले में शनिवार सुबह से निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नीती और माणा घाटियों में बर्फबारी हुई है। हेमकुंड साहिब में करीब आधा फीट बर्फ जम गई है, जिससे आस्था पथ पर फिसलन बढ़ गई है। पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रास्ता पार कराया। चमोली-रुद्रप्रयाग जिले में ठंड बढ़ गई है।
लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने राफ्टिंग गतिविधियों पर फिलहाल पूरी तरह से रोक लगा दी है। देहरादून में मौसम खराब होने से तीन उड़ानें डाइवर्ट की गईं और एक रद्द कर दी गई। बाकियों का समय बदला गया।
शनिवार को तीन उड़ानें ही एयरपोर्ट पहुंची। उधर उत्तरकाशी में गंगोत्री गोमुख ट्रैक पर महाराष्ट्र के एक बुजुर्ग यात्री पैर फिसलने से खाई में गिरने के बाद नदी के तेज बहाव में बह गए। वहीं नई टिहरी में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से किसानों की धान की फसल खेतों में बिछ गई।
गढ़वाल आयुक्त ने दिए निर्देश, ग्रीनकार्ड और ट्रिप कार्ड का काम रोका
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की ओर से चारधाम यात्रा को रविवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं, गढ़वाल आयुक्त के आदेश मिलने के बाद एआरटीओ कार्यालय में भी ग्रीनकार्ड और ट्रिप कार्ड का काम रोक दिया गया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त चारधाम यात्रा प्रबंधन व नियंत्रण संगठन, गढ़वाल मंडल की ओर से मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त मौसम संबंधी सूचना का संज्ञान लेते हुए शनिवार दोपहर से आज रविवार तक यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।
सूचना मिलने के बाद एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड ट्रिप का काम रोक दिया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ऋषिकेश रावत सिंह कटारिया ने बताया कि आदेश मिलने के बाद यात्रा रोक दी गई है। यात्रियों को ट्रांजिट कैंप में रुकने के लिए कहा गया है।