शुक्रवार को तय समय से पहले छुट्टी का एलान करने के बाद विवादों में आए विकासनगर के निजी स्कूल की मान्यता पर अब संकट मंडरा रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच कर स्कूल को कारण बताओ नोटिस भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
आरोप है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रदेश सरकार के बनाए किसी भी नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। कुछ दिन पहले विकासनगर के निजी स्कूल की ओर से शुक्रवार को तय समय से पहले छुट्टी करने का एलान किया गया था। स्कूल प्रबंधन के फैसले के बाद कई सामाजिक संगठन भड़क गए। सोशल मीडिया पर खबरें वायरल होने लगी। मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच करने के आदेश दे दिए। जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में मामले की जांच की गई थी। जांच समिति की रिपोर्ट मिल गई है।
बताया कि रिपोर्ट में पाया गया कि स्कूल के हर शुक्रवार को तय समय से पहले छुट्टी वाले फैसले का कड़ा विरोध किया जा रहा है। इतना ही स्कूल प्रबंधन की ओर एनओसी में बताए किसी भी नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों का वेतन भी समय पर नहीं दिया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन का जवाब आने के बाद स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।