कोरोना काल के समय का राशन ढुलान का भाड़ा व लाभांश नहीं दिए जाने से नाराज राशन विक्रेताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने एलान किया कि जब तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया जाता तब तक वह गोदाम से राशन नहीं उठाएंगे। अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से उप जिलाधिकारी को भेजा।जौनसार बावर सस्ता गल्ला विक्रेता समिति पिछले कई साल से कोरोना काल में वितरित किए गए राशन के ढुलान का भाड़ा व लाभांश की मांग करती चली आ रही है। परंतु अभी तक भुगतान नहीं होने से राशन वितरकों में आक्रोश उत्पन्न हो रहा है। इसी क्रम में राशन विक्रेताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। समिति नेताओं ने कहा कि अब इस मामले को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रशासन व पूर्ति विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता है तो वह न्यायालय की शरण में जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनके बकाया का भुगतान विभाग नहीं करेगा तब तक वह गोदामों से राशन नहीं उठाएंगे। अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से उप जिलाधिकारी को प्रेषित किया। ज्ञापन देने वालों में समिति के अध्यक्ष धूम सिंह चौहान, राजेश्वर, खुशीराम जोशी, राजेंद्र जोशी, जयपाल सिंह, मुन्ना सिंह, केदार सिंह आदि उपस्थित रहे।