पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) के लिए अब फिर से पुलिस सत्यापन कराना होगा। पहले पूर्व में बने पासपोर्ट के आधार पर ही पासपोर्ट कार्यालय की ओर से पीसीसी जारी कर दी जाती थी। अब यह नियम भी बदल गया है।
पुराने पासपोर्ट से होगा जन्मतिथि का सत्यापन
विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट विभाग ने दोबारा जारी होने वाले (री इश्यू) पासपोर्ट के आवेदन में जन्मतिथि के प्रमाण के नियमों में शिथिलता दी है। अब पुराने पासपोर्ट के आधार को ही जन्म प्रमाणपत्र के रूप में स्वीकार कर लिया जाएगा।
पब्लिक इंक्वायरी सिस्टम
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में 24 जून से पब्लिक इंक्वायरी सिस्टम खोलने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा ने बताया कि गत 22 मार्च को इसे बंद कर दिया गया था। अब इसे 24 जून को शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए पासपोर्ट इंडिया के वेबसाइट से प्रतिदिन के लिए 100 के बजाय 50 अप्वाइंटमेंट लिए जा सकेंगे।
मंत्रालय के निर्देश पर मंगलवार से तत्काल पासपोर्ट के लिए आवेदन और बायोमीट्रिक सत्यापन भी शुरू कर दिया गया। इसके लिए सोमवार दोपहर बाद मंत्रालय के आदेश मिलते ही पासपोर्ट इंडिया की अधिकृत वेबसाइट पर अप्वाइंटमेंट का ऑप्शन खोल दिया गया।
तत्काल के लिए फिलहाल 15, पीसीसी के 15 और सामान्य आवेदन के लिए 180 अप्वाइंटमेंट प्रतिदिन खोले जाएंगे।
वीडियो कांफ्रेंसिंग से बात करेंगे विदेश मंत्री
पासपोर्ट दिवस पर 24 जून को विदेश मंत्री हर बार क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारियों को दिल्ली बुलाकर संबोधित करते रहे हैं। इस बार कोरोना संकट के मद्देनजर विदेश मंत्री सभी क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद करेंगे।