देहरादून में आयोजित रणजी ट्रॉफी में उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के बीच शुरू हुए मैच में पहला दिन उत्तराखंड टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा। उत्तराखंड की पूरी टीम 120 रनों पर ढेर हो गई। बल्लेबाजों की नाकामी का आलम यह रहा कि कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। वहीं, छत्तीसगढ़ ने 5 विकेट के नुकसान पर 109 रन बना लिए हैं।
शहीद वीरच नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम रायपुर (छत्तीसगढ़) में चल रहे मैच के पहले दिन उत्तराखंड टीम बल्लेबाजी करने उतरी। छत्तीसगढ़ की आक्रामक गेंदबाजी के सामने उत्तराखंड के बल्लेबाज जूझते नजर आए।
तन्मय श्रीवास्तव और उन्मुक्त चंद की सलामी जोड़ी सस्ते में पवेलियन लौट गई। तन्मय 9, उन्मुक्त 14 रन पर आउट हो गए। अवनीश सुधा भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। डी नेगी और सौरभ रावत ने टीम को कुछ समय के लिए संभाला, लेकिन नेगी 29 रन पर विकेट गवां बैठे। इसके कुछ ओवर बाद सौरभ भी 22 रन पर आउट हो गए।
करनवीर कौशल शून्य, गौरव 2, राहिल शाह 5, सन्नी राणा 17, डीके शर्मा और प्रदीप चमोली शून्य पर आउट हुए। पूरी टीम 37.5 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। छत्तीसगढ़ की तरफ से पुनीत दते, अजय मंडल ने 3-3, वीर प्रताप सिंह ने 2 व शशांक सिंह ने 1 विकेट लिया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ टीम के बल्लेबाजों को भी उत्तराखंड के गेंदबाजों ने क्रीज पर जमने का मौका नहीं दिया। सलामी जोड़ी अवनीश सिंह 2, जीवनजोत सिंह 15 रन पर आउट हुए।
आशुतोष सिंह 13, हरप्रीत सिंह भाटिया 28, शशांक सिंह 4 रन पर आउट हुए। अमनदीप खरे नाबाद 33 और मनोज सिंह नाबाद 14 रन पर पवेलियन लौटे। मैच खत्म होने पर छत्तीसगढ़ टीम का स्कोर 35 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 109 रन था। उत्तराखंड की तरफ से प्रदीप चमोली, गौरव ने 2-2 व सन्नी राणा ने एक विकेट लिया।