रणजी ट्रॉफी में ओडिशा ने उत्तराखंड को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी है। उत्तराखंड की दूसरी पारी 195 रनों पर सिमट गई। 63 रन के लक्ष्य को ओडिशा ने बिना विकेट गवांए हासिल किया। टूर्नामेंट में यह उत्तराखंड की लगातार तीसरी हार है।
ड्रीम्स ग्राउंड कटक में चल रहे मैच में शनिवार को उत्तराखंड ने दूसरी पारी 54 रन पर चार विकेट से आगे शुरू की। डी नेगी और करनवीर कौशल ने खेल आगे बढ़ाया। करनवीर 12 रन के मामूली स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डीके शर्मा ने क्रीज पर टिककर टीम के लिए रन जुटाए। डीके शर्मा ने अर्धशतक पूरा किया।
इसके तुरंत बाद वो भी गलत शॉट खेलकर विकेट गवां बैठे। उनके अलावा सन्नी राणा शून्य, मधवाल ए 20 रन पर पवेलियन लौटे। प्रदीप चमोली ने नाबाद 25 रनों का योगदान दिया। पूरी टीम 52.1 ओवर में 195 रन बना सकी। इस तरह उत्तराखंड ने ओडिशा के सामने 62 रनों का मामूली लक्ष्य रखा। जवाब में ओडिशा ने 21.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के लक्ष्य हासिल किया।
देबाशीष समन्ते 7 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए। शांतनु मिश्रा 29 व गोविंदा पोद्दार 26 रन बनाए। बता दें, चार दिवसीय मैच में सबसे पहले उत्तराखंड बल्लेबाजी करने उतरी। पहली पारी में उत्तराखंड ने 117 रन बनाए। जवाब में ओडिशा ने 253 रन बनाए। उत्तराखंड ने दूसरी पारी में भी 195 रनों का छोटा स्कोर बनाया।