नरसिंह धाम पीठ के अध्यक्ष जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य ने राम मंदिर निर्माण के लिए राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पांच लाख रुपये की धनराशि भेंट की है। स्वामी अयोध्याचार्य ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में शुभ घड़ी आई है कि रामलला का भव्य मंदिर निर्माण होने जा रहा है। सभी राम भक्तों को मिलजुल कर मंदिर निर्माण के लिए बढ़-चढ़कर अपना सहयोग प्रदान करना चाहिए। महंत राजेंद्र दास ने कहा कि सभी भारत वासियों के लिए गौरव की बात है। अयोध्या में प्रभु राम का भव्य एवं दिव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है।
भारत माता मंदिर ने दिए 51 हजार
राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए भारत माता मंदिर के महंत स्वामी ललितानंद गिरि ने अपने गुरु भाई और राम जन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि को 51 हजार रुपये का चेक भेंट किया। महंत ललितानंद गिरि ने कहा कि पूज्य गुरुदेव का यह सपना था कि राम मंदिर का निर्माण उनके जीवनकाल में ही हो जाए लेकिन ऐसा हो नहीं सका। गुरुदेव का सारा जीवन राम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन और फिर अयोध्या में राम जन्मभूमि पर शीघ्र मंदिर निर्माण के आंदोलन को समर्पित रहा।
बुजुर्ग महिला ने दिए पेंशन के एक लाख रुपये
अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रेमनगर निवासी 82 वर्षीय पदमा देवी ने एक लाख रुपये दिए हैं। यह राशि उन्होंने अपनी पेंशन से दस साल में बचाई। राम मंदिर निर्माण के लिए राशि देने पर परिवार और आस पड़ोस के लोगों ने उनकी सराहना की।
शुक्रवार को पदमा देवी ने भारतीय जनता पार्टी के शिवालिक नगर मंडल के अध्यक्ष जयवीर सिंह राणा को सहयोग राशि भेंट की। पदमा ने बताया कि वह 2011 में अपने परिवार के साथ भगवान राम के दर्शन करने के लिए अयोध्या गई थीं, लेकिन मंदिर नहीं होने से दर्शन नहीं हुए। इससे उनका मन बहुत दुखी हुआ और उन्होंने संकल्प लिया कि वह मंदिर निर्माण के लिए अपनी पेंशन का कुछ हिस्सा बचाएंगी।