सियासी पंडित भी मानते हैं कि मौजूदा अंकगणित के मुताबिक कांग्रेस को राज्यसभा की सीट जीतने में तो ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी लेकिन ज्यादा घमासान उम्मीदवारी को लेकर है।
इस दौड़ में कुनबे के कई घरेलू महत्वाकांक्षी तो शामिल हैं ही, हाईकमान की ओर से किसी बाहरी को एडजस्ट करने की खबर भी आ रही है। इससे पार्टी में अंदरूनी कुलबुलाहट बढ़ गई है। बाहरियों को बाहर करने की मांग भी उठने लगी है।
उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस ने दो नवंबर को दिल्ली में बैठक बुलाई है। उम्मीद है कांग्रेस इसी दिन अपने उम्मीदवार का नाम भी घोषित कर देगी।
सूत्रों मानें तो अभिनेता और नेता राजबब्बर और लोकसभा चुनाव में प्रभारी रहे राजीव शुक्ला के नाम भी दौड़ में बताए जा रहे हैं। गुलाम नबी आजाद का नाम भी सामने आया था लेकिन जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव घोषित होने के बाद ऐसा मुश्किल होगा।