I
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्यों पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपनी टीम के सदस्यों के साथ मौके पर निरीक्षण किया। टीम ने राजपुर रोड पर एस्लेहाल से घंटाघर, किशन नगर चौक, परेड ग्राउंड, सर्वे चौक से नैनी बेकरी तक सड़क, नाली और फुटपाथ कार्यों का हाल देखा।
कांग्रेसियों ने मौके पर निरीक्षण कर अधिशाषी अभियंता प्रवीण कुश को बुलाया। उन्हें निर्माण कार्यों में की गई लापरवाहियों से अवगत कराया। कहा कि लंबे समय से सड़क खुदी है। उधर, नाली व फुटपाथ का कार्य बहुत धीमी गति से किया जा रहा है।
उपाध्यक्ष धस्माना ने कहा, घंटाघर से क्वालिटी चौक तक दोनों तरफ सड़क पर पानी बह रहा है। महीनों से सड़क उधड़ी पड़ी है। फुटपाथ का बुरा हाल है। सड़क के बीचोंबीच बजरी व मलबा फैला है। ईसी रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को दिखाते हुए कहा कि पानी की लाइन सड़क के ऊपर से दिखाई पड़ रही है। नाली व फुटपाथ का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके कारण पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने पर पता नहीं चल सकेगा कि लाइन कहां है और फिर पूरी सड़क खोदनी पड़ेगी।
धस्माना ने अधिशासी अभियंता व उनके साथ आए अन्य अधिकारियों व ठेकेदारों से कहा कि वे सड़क के साथ-साथ फुटपाथ व नाली निर्माण का कार्य भी करवाएं। नवरात्र शुरू होने से पहले हर हाल में शहर के मुख्य मार्गों पर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट मुख्यालय का घिराव करने के लिए मजबूर होगी। इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेश उनियाल, प्रवीण कश्यप व आशुतोष साथ रहे।