पहाड़ों में भारी बारिश के कारण देहरादून से सटे कई गांवों और शहर के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। मसूरी में बारिश से भट्टा फाल में पानी बढ़ गया। यहां से सिल्ट और मलबा जाने के कारण गलोगी पावर हाउस के गेट भी बंद कर दिए गए।
टैंक में सिल्ट जमा होने पर पावर हाउस के अधिकारियों ने निरीक्षण किया और सिल्ट हटवाई। पावर हाउस को जाने वाला पानी पानी बंद होने से पुरुकुल गांव, अनारवाला, जोहड़ी गांव, सिनौला, जाखन, आर्यनगर, राजेन्द्र नगर सहित कई क्षेत्रों में पानी की समस्या हो गई। क्योंकि इसी पानी की इन क्षेत्रों में आपूर्ति होती है।
गलोगी पावर हाउस के अधिशासी अभियंता अमित रंजन ने बताया कि मसूरी क्षेत्र में बारिश के कारण गलोगी पावर हाउस के होपर टैंक और फॉर वे टैंक में सिल्ट जमा न हो इसके लिए पानी का गेट बंद किया जाता है। बताया कि फॉर वे टैंक से पानी पेन स्टोक पाइप से पावर हाउस में जाता है उसके बाद टेल रेस चैनल से होते हुए पानी फिल्टर करके जल संस्थान के टैंक में जाता है। बृहस्पतिवार को भारी बारिश के कारण मशीनों की सुरक्षा के लिहाज से पावर हाउस के पानी की सप्लाई तीन बजकर 15 मिनट से लेकर चार बजकर तीस मिनट तक बंद कर दी गई। पानी में भारी मात्रा में गाद आने से मशीन को खतरा है।
मसूरी में बारिश होने से गंदा पानी गलोगी पावर हाउस के टैंकों में आता है। इससे क्षेत्र में पानी गंदा पानी आ रहा है।
-नेहा गौनियाल, गुनियाल गांव
मसूरी में भारी बारिश से गलोगी पावर हाउस की टरबाइन को बंद किया जाता है। इससे हजारों घरों में पानी की समस्या बढ़ जाती है।
-उपेन्द्र सिंह थापली, पुरुकुल
बारिश के कारण क्षेत्र में गंदा पानी आ रहा है। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। बृहस्पतिवार को भी गंदा पानी आया।
-कृष्ण कुमार यादव, राजपुर रोड