उत्तराखंड में मौसम सितमगर बन गया है। पहाड़ी इलाकों में जहां अत्यधिक बर्फबारी हो चुकी है, वहीं मैदानी इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। ज्यादातर जगहों पर तापमान सामान्य से आठ से दस डिग्री नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
वही, नैनीताल-अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों ने कड़ाके की ठंड के मद्देनजर 12वीं तक के स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को नौ और 10 जनवरी को बंद रखने का आदेश दिया है। ऊधमसिंह नगर में 8वीं तक के स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में नौ जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है।
प्रदेशभर में लगातार 60 घंटे से बारिश, बर्फबारी चल रही है। पहाड़ों में अपेक्षा से अधिक बर्फबारी हो गई है। मैदानी इलाकों में भी दिसंबर में पहली बार इतनी बारिश रिकॉर्ड की गई है। खराब मौसम के चलते मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी कर दी है।
अगले दो दिन पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में रहेगा। पहाड़ों पर अभी और बर्फबारी होने का अनुमान जताया जा रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने पर्यटकों को पहाड़ की यात्रा में एहतियात बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, हो सके तो पर्यटक फिलहाल पहाड़ की यात्रा से परहेज करें।