उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से शनिवार से राहत मिल सकेगी। लेकिन पूरे प्रदेश में अभी दस अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
शुक्रवार को प्रदेशभर में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। हालांकि, राजधानी में दिन में हल्की बारिश हुई। शाम को जरूर कुछ जगहों पर तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार से प्रदेश में भारी बारिश से राहत रहेगी।
हालांकि, बादल छाए रहेंगे। मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। शनिवार को प्रदेश में एक या दो दौर की बारिश हो सकती है। राजधानी में भी बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।