राजधानी देहरादून में शनिवार को दोपहर बाद गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिन उत्तराखंड के लिए भारी पड़ सकते हैं।
प्रदेश में नौ और दस सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। उससे पहले भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
रविवार को मौसम में बदलाव होगा। इस दौरान प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। विशेषकर कुमाऊं के ज्यादातर इलाकों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि बारिश के अलर्ट को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।