राजधानी देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। सोमवार को इसका असर देखने को मिला। पूरे उत्तराखंड में जमकर बारिश हुई। वहीं दिनभर उमस के बाद राजधानी में भी तकरीबन रात 10 बजे जमकर बारिश हुई।
रात को तेज बारिश शुरू हुई और बूंदाबांदी सुबह तक होती रही। शहर के कई स्थानों पर बारिश तेज होते ही बिजली गुल हो गई। विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेशभर में हल्की बारिश के आसार जताए हैं। प्रदेश भर में मानसूनी बादल छाए रहे। कुछ जगहों पर दोपहर में हल्की बारिश के बाद आसमान खुल गया था।
कुमाऊं क्षेत्र के कई जिलों में काफी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी में दिनभर हल्की धूप के बीच बादल छाए रहे। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी में भी बादल छाए रहेंगे और बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेशभर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद सोमवार को केदारनाथ से लेकर पूरे गढ़वाल और कुमाऊं में बारिश चालू रही। बारिश से राजधानी के कई इलाकों में पानी भी भर गया। लेकिन बारिश से लोगों को राहत भी मिली। दिनभर से जहां पारा 30 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रात को पारे में भी गिरावट आयी।