रविवार देर रात से राजधानी देहरादून में गरज के साथ हो रही बारिश सोमवार सुबह भी रुक-रुक कर होती रही। जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
हालांकि बीच-बीच में धूप भी दर्शन देती रही। इस बारिश से तापमान में लगातार हो रहे उछाल से कुछ राहत मिली।
हो सकती है ओलावृष्टि
ठंडी हवाओं के साथ ही बादलों ने भी अपना डेरा डाले रखा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश भर में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हो सकती है।
तेज आंधी चल सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों के साथ ही मैदान में भी बारिश असर दिखाएगी। राज्य मौसम केंद्र की पहले ही अनुमान जताया था कि राजधानी में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में गरजन वाले बादल विकसित हो सकते हैं।
उधर, राजधानी में रविवार को तेज धूप खिली रही। दिन के वक्त तपिश का आलम यह है कि बाजार तक रौनक से बेजार हो रहे हैं। कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम की दुकानों पर भीड़ जुट रही है।
तापमान में उछाल लगातार जारी
तापमान में उछाल का क्रम लगातार जारी है। रविवार को भी इसमें तकरीबन तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 65, जबकि न्यूनतम प्रतिशत 30 रहा।
सोमवार को तापमान के स्तर में अलबत्ता गिरावट की संभावना है। अधिकतम तापमान 29, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।