उत्तराखंड में शुक्रवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि, मौसम विभाग ने तेज बारिश की चेतावनी नहीं दी है।
उधर, गुरुवार को दून में दोपहर बाद जमकर बारिश हुई और करीब एक घंटे में 13.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मानसून की रफ्तार भले कुछ धीमी पड़ी हुई हो लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक गढ़वाल और कुमाऊं में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राजधानी दून में भी बादल छाए रहेंगे और बारिश होती रहेगी।
मार्गों का बंद होने और खुलने का सिलसिला जारी
बरसात के लिहाज से अब प्रदेश में एक बार फिर से मानसून करवट लेने की तैयारी में है। 26 जुलाई से लेकर 29 जुलाई तक बरसात में तेजी आने की उम्मीद है।
उच्चतर हिमालयी क्षेत्र में मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बरसात की संभावना भी जाहिर की है। पिछले कुछ दिनों में मौसम विभाग को चेतावनी जारी करनी पड़ी थीं।
शुक्रवार के लिए मौसम विभाग का अनुमान है कि उच्चतर हिमालयी क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर भारी बरसात हो सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर मध्यम बरसात का अनुमान है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 31 जुलाई तक बरसात में तेजी ही आएगी। शुक्रवार को भी उत्तराखंड में कई स्थानों पर बरसात का अनुमान है।
दूसरी ओर स्टेट कंट्रोल रूम की देर शाम जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में करीब 80 ग्रामीण और संपर्क मार्ग अब भी बंद हैं। बदरीनाथ हाइवे गोविंदघाट और मारवाड़ी के बीच बोल्डर आने से बंद है।
बाकी यात्रा मार्ग खुले हुए हैं। गुप्तकाशी और कालीमठ के बीच सड़क बंद होने से यातायात थमा हुआ है। सड़कों पर मलवा और पत्थर आने से चार धाम यात्रा मार्ग बंद और खुलने का सिलसिला जारी है।
धामों में भारी बरसात की संभावना
मौसम विभाग ने 26 और 29 जुलाई को यमुनौत्री और गंगोत्री में करीब मध्यम से भारी बरसात की संभावना जताई है। इसके साथ ही इन दो धामों के लिए लोगों सचेत रहने को भी कहा गया है।