उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम के दो रंग देखने को मिले। तीन दिन भीषण गर्मी के बाद मंगलवार को जकहां दिन में धूप और गर्मी ने रुलाया। वहीं शाम को उत्तराखंड में मौसम में करवट बदली। राजधानी के कई इलाकों में देर शाम झमाझम बारिश शुरु हो गई। इससे मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।
बता दें कि मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। साथ ही प्रदेश के मैदानी इलाकों में आगामी 48 घंटों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की वार्निंग भी थी।
मौसम विभाग ने मंगलवार से प्रदेश के पिथौरागढ़, नैनीताल, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की आंधी चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में दो हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश होगी। उन्होंने जनता से सलाह दी है कि ऐसे मौसम में वह संभलकर रहें।
अब अगले तीन दिन प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि से एक ओर मुश्किलें बढ़ सकती हैं तो दूसरी ओर गर्मी से राहत भी मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक छह, सात व आठ जून को ऐसा ही मौसम रहेगा।