राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों में रविवार की सुबह से रुक-रुक कर हो बारिश फिलहाल जारी है। दून में रविवार को तड़के बादलों की जोरदार गरज के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में ठिठुरन महसूस की गई।
उधर, मसूरी व चकराता में भी सुबह बारिश हुई, जिससे लोग घरों में दुबक गए। मसूरी और पछवा दून में मूसलाधारी बारिश जारी है।
इसके साथ ही पहाड़ से लेकर तराई-भाबर तक रिमझिम बारिश होने से शनिवार की सुबह से ही उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो गई। उच्च हिमालय की चोटियों पर हिमपात होने से पूरे राज्य में ठिठुरन बढ़ गई। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
नैनीताल में बारिश के बाद हल्के हिमकण भी गिरे। मौसम में आई तब्दीली से कुमाऊं में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। शीतलहर चलने से शनिवार का दिन पिछले 15 सालों से सबसे ठिठुरन भरा रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में 15 एमएम बारिश के साथ शीतलहर चलेगी। आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। पहाड़ों में हिमपात होने से ठंडी हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि रविवार को कुछ इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश होगी। 15 दिसंबर से मौसम में सुधार आने लगेगा।