मौसम विभाग ने आज रविवार को ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। साथ ही आरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के दुर्गम क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हुई है। दिन में कई बार हुई बर्फबारी से ज्यादातर ऊंची पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई। कुछ निचले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। इससे ज्यादातर क्षेत्रों के तापमान में भारी गिरावट आई है। सर्द हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में हालांकि बारिश नहीं हुई, लेकिन पूरे दिन बादल छाए रहे। जिसकी वजह से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हुए।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार आज भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहने का अनुमान है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राजधानी देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में ओले गिरने का अनुमान है। इसे देखते हुए शासन ने सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
किस अलर्ट का क्या मतलब होता है जानिए...
ग्रीन - कोई खतरा नहीं
येलो अलर्ट - खतरे के प्रति सचेत रहें। येलो अलर्ट के तहत लोगों को सचेत रहने के लिए अलर्ट किया जाता है। यह अलर्ट जस्ट वॉच का सिग्नल होता है।
ऑरेंज अलर्ट - खतरा, तैयार रहें। जैसे-जैसे मौसम और खराब होता है तो येलो अलर्ट को अपडेट करके ऑरेंज कर दिया जाता है। इसमें लोगों को इधर-उधर जाने के प्रति सावधानी बरतने को कहा जाता है।
रेड अलर्ट - खतरनाक स्थिति। जब मौसम खतरनाक स्तर पर पहुंच जाता है और भारी नुकसान होने की आशंका होती है तो रेड अलर्ट जारी किया जाता है।
राजधानी देहरादून शनिवार को प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि पिथौरागढ़ सबसे सर्द रहा। यहां का रात को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री रिकार्ड किया गया।
प्रदेश के प्रमुख स्थानों का शनिवार और रविवार का संभावित न्यूनतम तापमान
स्थान शनिवार रविवार
मसूरी 4 0
देहरादून 7 8
टिहरी 5 2
उत्तरकाशी 3 2
जोशीमठ 5 1
हरिद्वार 5 6
पिथौरागढ़ 1 0
अल्मोड़ा 2 1
मुक्तेश्वर 3 0
नैनीताल 5 2
ऊधमसिंह नगर 6 7
चंपावत 4 2
मौसम विभाग ने रविवार को पिथौरागढ़ समेत चार जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा, सात जिलो में अगले 36 घंटों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
आपदा प्रबंधन विभाग देहरादून के अनुसचिव प्रदीप कुमार शुक्ल के अनुसार छह जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना है जबकि अगले 36 घंटों के दौरान देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, टिहरी, नैनीताल, चंपावत तथा ऊधमसिंह नगर जिलों में ओलावृष्टि हो सकती है।
चंपावत जिले में बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए डीएम रणवीर सिंह चौहान ने सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।