रेलवे स्टेशन पर टिकट से लेकर ट्रॉली तक में लेन-देन के लिए कैशलेस ट्रांजेक्शन की व्यवस्था कर दी गई है। हालांकि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए स्टेशन पर नगद भुगतान की सुविधा भी चालू रहेगी।
दून स्टेशन पर वर्तमान में टिकट रिजर्वेशन के चार काउंटर हैं। इसमें तीन काउंटर पर पीओएस (प्वाइंट टू सेल) मशीन और पेटीएम की सुविधा दी है। इसी तरह, जनरल श्रेणी के तीनों काउंटर पर यात्री यूपीआई और पेटीएम से टिकट का भुगतान कर सकते हैं।
जनरल श्रेणी के टिकटों की खरीद के लिए लगी सभी छह मशीन में रेलवे से जारी होने वाले स्मार्ट कार्ड से भी भुगतान किया जा सकता है। जबकि स्टेशन परिसर में बने रेलवे के खाने-पीने के सामान से लेकर पुस्तक-अखबार के छह स्टॉल हैं। इन सभी में पीओएस मशीन लगा दी है। जबकि सभी आठ ट्रॉलियों में भी पेटीएम से भुगतान की सुविधा की है।
कैंटीन में भी पेटीएम व पीओएस मशीन लगी है। देहरादून रेलवे के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि रेलवे, कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा दे रहा है। बिल के लिए भी स्टॉल और कैंटीन में इलेक्ट्रॉनिक मशीन उपलब्ध करा दी है।