देहरादून। दूसरे राज्यों से देहरादून आने वाले यात्रियों को अब रेलवे स्टेशन पर कोरोना जांच व पंजीकरण कराने के झंझट से मुक्ति मिल गई है। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेलवे स्टेशन के बाहर बने जांच केंद्रों को फिलहाल समाप्त कर दिया गया है।
कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने के बाद सरकार, शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेलवे स्टेशन देहरादून पर जांच केंद्र बनाए गए थे। यहां नई दिल्ली समेत दूसरे स्थानों से आने वाले यात्रियों की जांच व पंजीकरण कराने के बाद ही घर जाने दिया जाता था। इससे यात्रियों के साथ ही रेलवे, जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। फिलहाल अब इस जांच और पंजीकरण प्रक्रिया से मुक्ति मिल गई है। अब रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले यात्री बिना किसी जांच और पंजीकरण के सीधे अपने घर जा रहे हैं।