शंटिंग के दौरान पटरी से उतरा रेल का डिब्बा
- फोटो : amar ujala
खतौली में हुए रेल हादसे को अभी कुछ दिन ही हुए हैं। सोमवार को फिर एक ट्रेन पटरी से उतर गई, लेकिन इस बार पटरी से उतरने वाली ट्रेन मालगाड़ी है। यार्ड में शंटिंग के दौरान हुए हादसे की सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। उच्च अधिकारियों ने मामले में जांच पड़ताल के आदेश दे दिए हैं। बड़ी बात यह है कि चार दिन पहले भी एक मालगाड़ी इसी तरह से पटरी से उतरी थी।
शनिवार को खतौली में उत्कल एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी। इसकी जांच अब तक चल रही है, लेकिन इसमें रेलवे की लापरवाही की बात ही सामने आ रही है। सोमवार शाम लक्सर रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। हरिद्वार से मालगाड़ी लक्सर पहुंची थी।
शाम करीब चार बजे यार्ड में शंटिंग कराया जा रहा था। मालगाड़ी की स्पीड बहुत कम थी। इसी बीच इसका एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इससे मौके पर मौजूद रेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
आननफानन में चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिए। इससे मालगाड़ी मौके पर ही रुक गई। कैरिज एंड वैगन स्टाफ के अधिकारियों को तुरंत इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने घंटों मशक्कत के बाद पटरी से उतरे डिब्बे को वापस पटरी पर चढ़ाया। मंडल रेल प्रबंधक एसके सिंघल ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है। मालगाड़ी का पटरी से उतरने का कारण क्या है इसका पता लगाया जा रहा है।