राहुल गांधी बोले क्रूरता छोड़ दे सरकार
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर रहा है। पेपर लीक होने से त्रस्त युवा जब अपनी जायज मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने बैठे, तो उन पर सरकार बर्बरता से लाठी चार्ज करवा रही है। मैं सरकार को बार-बार आगाह कर रहा हूं कि देश के युवाओं पर बेरोजगारी का गहरा संकट है। विद्यार्थियों से मेरा अनुरोध है वे सत्य को आधार बनाकर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखें। सरकार भी जिम्मेदारी से कदम उठाए और क्रूरता छोड़ कर उनकी मांगों को सुने।
कांग्रेस आज प्रदेश भर में फूंकेगी सरकार का पुतला
कांग्रेस बेरोजगारों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज प्रदेशभर में सरकार का पुतला फूंकेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भर्ती घपलों की जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे बेरोजगारों पर पुलिस लाठीचार्ज की पार्टी कड़ी निंदा करती है। इसके विरोध में आज प्रदेशभर के जिला एवं महानगर मुख्यालयों में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया जाएगा।