देहरादून में कुत्ते के काटने से रैबीज पीड़ित बच्चे की पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने दून के एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
श्रीरामपुरम, कांवली रोड निवासी महेश कुमार पटेल ने बताया कि उनके आठ साल के पुत्र सोनू कुमार को बीती 12 जून को केसी पब्लिक स्कूल के पास एक कुत्ते ने जख्मी कर दिया था। वे उसे तत्काल निजी अस्पताल में ले गए। जहां 27 जून तक उसका इलाज चला।
परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाए आरोप
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज में घोर लापरवाही की। बताया कि फिर चार डॉक्टरों की टीम ने 27 जून को बच्चे की हालत खराब होने पर उसे हायर सेंटर ले जाने को कह दिया। इसके बाद वे बच्चे को लेकर पीजीआई चंडीगढ़ गए। जहां उसी दिन बच्चे ने दम तोड़ दिया।
पीड़ित पिता ने दून के निजी अस्पताल के अधीक्षक सहित जिला प्रशासन को शिकायती पत्र भेज नाबालिग पुत्र की आकस्मिक मौत और आर्थिक क्षति होने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।