- पांच दिवसीय अनुष्ठान का विधि-विधान से समापन, महासू देवता से मांगी गांव की खुशहाली और अच्छी फसल की कामना
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। कालसी तहसील की खत पंजगांव के भुगतार गांव में पांच दिवसीय थाती-माटी पूजन एवं गांव के शुद्धिकरण का धार्मिक अनुष्ठान सोमवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। करीब 48 साल बाद आयोजित इस पारंपरिक अनुष्ठान के समापन पर ग्रामीणों ने हवन-पूजन कर गांव की शुद्धि के लिए फेरा लिया। इस दौरान महासू देवता, कयलू महाराज और काली माता से गांव की खुशहाली, सुख-समृद्धि और अच्छी फसल के उत्पादन की कामना की गई।
पांच दिवसीय आयोजन के दौरान पांडव नृत्य के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सोमवार को समापन अवसर पर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया।
पूजन और हवन संपन्न होने के बाद गांव में भंडारे का आयोजन किया गया। पांच दिनों से उपवास रख रहे ग्रामीणों ने अनुष्ठान की समाप्ति पर उपवास खोला और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर पंडित देवी राम शर्मा, पंडित गोविंद राम शर्मा, गांव स्याणा अमर सिंह रावत, कुंवर सिंह, धर्म सिंह, मोहन सिंह और सरदार सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।