शेरवुड कॉलेज नैनीताल में सातवीं के छात्र की गोली लगने से हुई मौत के मामले में घटनास्थल को लेकर संशय की स्थिति को पुलिस ने साफ कर दिया है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि घटना रामपुर के मानपुर में घटी थी। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर सीधे दिल्ली चले गए।
शुक्रवार को पंजाब के जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के पीए और साले रविंदर सिंह बब्बी अपने बेटे ऐरन बराड़ (13) को कार से शेरवुड स्कूल नैनीताल छोड़ने आ रहे थे। बताया जा रहा कि रास्ते में लघुशंका के लिए रविंदर और उनके सुरक्षा गार्ड कार से उतर गए थे। रविंदर ने अपनी रिवाल्वर कार के डैश बोर्ड में रखी थी।
इसी बीच, रिवाल्वर से गोली चली और ऐरन के लग गई। इस पर परिजन मासूम को लेकर दिल्ली चले गए, लेकिन ऐरन की रास्ते में ही मौत हो गई थी। मामला हाई प्रोफाइल होने की वजह से पुलिस के पास जानकारी पहुंची, मगर घटनास्थल को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई थी।
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने भी बाजपुर क्षेत्र में पुलिसकर्मियों को घटनास्थल का पता लगाने के निर्देश दिए थे। घंटों की मशक्कत के बाद भी घटनास्थल का पता नहीं चल सका था। एसएसपी डॉ. दाते ने बताया कि शनिवार की सुबह बाजपुर के इंस्पेक्टर ने मृतक के पिता से बात की तो उन्हें बताया गया कि घटना रामपुर जिले में मानपुर गांव के पास घटी थी। दुर्घटनावश रिवाल्वर से गोली चली और बच्चे को लग गई थी। एसएसपी ने कहा कि यदि गोली लगने से घायल होने या मौत होने की जानकारी कोई अस्पताल छिपाता है तो कार्रवाई होगी।