ऋषिपर्णा सभागार में डीएम सोनिका की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें कुल 119 शिकायतें प्राप्त हुईं। इस पर डीएम कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने जनमानस से अनुरोध किया कि अपनी शिकायतों को लेकर स्वयं आएं और किसी भी बिचौलिये की बातों में न आएं।
सोमवार को जनसुनवाई में जमनपुर निवासी किसान ने बताया कि खेत में पानी भर गया है, इससे फसल नष्ट होने का डर बना हुआ है। पानी निकालने के प्रयास कर चुके हैं, लेकिन सफल नहीं हो पा रहे हैं। वहीं, सुंदरवाला तपोवन में पहाड़ों से पानी के साथ मलबा भी घरों में घुस रहा है। इससे घर में रहना मुश्किल हो गया है। इस तरह की शिकायतों पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद, अतिक्रमण, आपसी विवाद, भरणपोषण, जल संस्थान, बिजली, पानी, आपदा जलभराव और वरिष्ठ नागरिकों की आईं। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर नगर निगम एवं राजस्व विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने नाले की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर मौका मुआयना कर अतिक्रमण ध्वस्त करने के लिए कहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जय भारत सिंह, अपर मुख्य नगर आयुक्त बीर सिंह बुदियाल, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. संजय जैन, उप जिलाधिकारी सदर हरि गिरि, शालिनी नेगी, विक्रम सिंह आदि उपस्थित रहे। एसडीएम विकासनगर, डोईवाला, चकराता, ऋषिकेश सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
Iदाखिल खारिज पर रोक की शिकायत कीI
ईस्ट हॉपटाउन मौजा सुद्धोवाला झाझरा में दाखिल खारिज रोक की शिकायत पर उप जिलाधिकारी विकासनगर को प्रकरण दिखवाने के निर्देश दिए। रतनपुर कड़वा कॉलोनी में अवैध कब्जे पर अधूरी कार्रवाई की शिकायत पर सिंचाई विभाग और तहसीलदार विकासनगर को स्थिति से अवगत कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई के लिए कहा। हनोल में बाहरी व्यक्ति की ओर से ग्राम सभा की भूमि पर कब्जे की शिकायत पर उप जिलाधिकारी चकराता को कार्रवाई के निर्देश दिए।