जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में जनसुनवाई की गई। इसमें 118 शिकायतें प्राप्त हुईं। सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए एक प्लान तैयार करें।
डीएम ने जनसुनवाई में शिकायत आने और सक्षम अधिकारी के उपस्थित न रहने पर आरटीओ और एआरटीओ के वेतन रोकने के निर्देश दिए। एक्सईएन लोनिवि का स्पष्टीकरण तलब किया। प्रत्येक जनसुनवाई कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार विकासनगर को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। अपर तलाई निवासी कैलाश कुकरेती ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके खेत में लोनिवि ऋषिकेश की ओर से सड़क निर्माण किया गया, लेकिन मलबा उनके खेत से नहीं हटाया गया। सिंचाई गूल भी दबा दी गई। इस पर डीएम ने लोनिवि के अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। अधिकारियों ने एक सप्ताह में मलबा हटाने की बात कही। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला पूर्ति अधिकारी के. के अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट आदि मौजूद रहे।