कालसी के नागथात में शनिवार को बारातियों से भरी मैक्स के खाई में गिरने के मामले में परिवहन सचिव सीएस नपलच्याल ने परिवहन कर अधिकारी (पीटीओ-1) रत्नाकर सिंह को निलंबित कर दिया है। उनके पास प्रवर्तन दल चकराता का प्रभार था।
इस दुर्घटना में पांच बारातियों की मौत हो गई थी। जो मैक्स खाई में गिरी थी उसमें 23 लोग सवार थे, जबकि उसमें नौ यात्रियों के ही बैठने की जगह है।कालसी दुर्घटना के मामले में सोमवार को परिवहन सचिव ने प्रवर्तन दल चकराता के पीटीओ को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने ओवरलोडेड वाहनों की चेकिंग नहीं की।
ओवरलोडिंग की वजह से मैक्स खाई में गिर गई और पांच बारातियों की मौत हो गई। शासन ने इससे पहले भी बड़ी सड़क दुर्घटनाओं के मामले में संबंधित एआरटीओ को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
शासन की इस कार्रवाई पर परिवहन विभाग के अधिकारियों में रोष है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटना के लिए सिर्फ एआरटीओ या पीटीओ जिम्मेदार नहीं होता है। सरकार ने 2005 से चेकिंग का अधिकार संबंधित एसडीएम को दे रखा है।