चिह्नीकरण की लंबित मांग को लेकर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच (पछवादून) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हेरिटेज से लेकर तहसील चौक तक जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तहसील चौक पर सभा के बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया। मंच के महासचिव जय किशन सेमवाल के नेतृत्व में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण की प्रक्रिया लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे कई पात्र आंदोलनकारी आज भी अपने अधिकारों से वंचित हैं।उन्होंने सरकार से अविलंब शासनादेश जारी कर चिह्नीकरण प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं हुई, तो वे देहरादून कूच कर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उक्रांद आंदोलनकारी मंच की जिलाध्यक्ष सीमा कुकरेती ने भी शासन-प्रशासन पर घोर अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ उनियाल, सुनीता देवी चमोली, राजेश्वरी भट्ट, संगीता भट्ट और विमला कपूर सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे।