फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गढ़वाल विविः छात्रों ने तीन घंटे बंद रखा प्रशासनिक भवन का गेट, 16 प्रदर्शनकारियों पर दर्ज हुआ केस

Sat, 27 Apr 2019 07:45 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्रीनगर
विज्ञापन
प्रदर्शन करते छात्र व सफाई कर्मी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा यथावत रखे जाने सहित कई अन्य मांगों को लेकर छात्रों ने शनिवार को प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट को 3 घंटे तक बंद रखा। जिसके चलते कुलपति व कुलसचिव प्रशासनिक भवन स्थित अपने कार्यालयों में नहीं बैठ पाए। बाद में करीब 1 बजे छात्रों ने मुख्य गेट खोल दिया। हालांकि छात्रों का धरना प्रशासनिक भवन स्थित एचएन बहुगुणा की मूर्ति वाले मैदान में जारी रहा। छात्रों ने सोमवार से विवि के तीनों परिसरों को बंद करने की चेतावनी दी थी।

विज्ञापन

गढ़वाल विवि के छात्रों का आंदोलन संयुक्त छात्र परिषद के बैनर तले शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार सुबह करीब 10 बजे विभिन्न संगठनों के छात्र नेता व काम से बाहर किए गए आउटसोर्स कर्मचारी प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर एकत्र हुए। यहां छात्रों ने मुख्य गेट पर तालाबंदी कर आवागमन रोक दिया तथा गेट पर ही धरने पर बैठ गए। छात्रों का आरोप था कि विवि प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। बिड़ला छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित उछोली, सचिव रामप्रकाश रैम्स, सुधीर जोशी, अमित प्रदाली आदि ने कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो सोमवार से विवि के सभी परिसरों में तालाबंदी की जाएगी। छात्रों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासनिक भवन में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। एसडीएम दीपेंद्र नेगी, सीओ अनिल जोशी, तहसीलदार सुनील राज, कोतवाल एनएस बिष्ट व एसएसआई विनय कुमार ने भी छात्रों को समझाने का प्रयास किया। वहीं विवि कुलसचिव डा. एके झा सहित कुछ अन्य अधिकारियों ने मुख्य नियंता कार्यालय में चर्चा की। फिलहाल विवि प्रशासन किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा है।


इन मांगों के लिए आंदोलित हैं छात्र
1- विवि की सभी परीक्षाओं का परिणाम समय पर घोषित किया जाए। 
2- विवि के तीनों परिसरों, सभी विभागों व छात्रावासों में वाटर कूलर की व्यवस्था की जाए। 
3- सीबीसीएस में मुख्य परीक्षाओं की भांति बैक पेपर सुविधा उपलब्ध कराई जाए। 
4- विवि में आउटसोर्स के माध्यम से तैनात कर्मियों की सेवा पूर्व की भांति यथावत रखी जाए। 
5- पुस्तकालयों के रीडिंग रूम राष्ट्रीय अवकाशों को छोड़कर सभी दिन खुले रखे जाएं। 
6- विवि में दीक्षांत समारोह हर वर्ष आयोजित किया जाए। 
7- विवि के तीनों परिसरों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जाए। 
इसके अलावा अन्य कई मांगों पर भी कार्रवाई के लिए छात्र आंदोलित हैं। 

कुलसचिव को बंधक बनाने के मामले में 14 छात्र नेताओं व 2 आउटसोर्स कर्मचारियों पर केस
गढ़वाल विवि के कुलसचिव डा. एके झा को बंधक बनाने के मामले मे कोतवाली पुलिस ने बिड़ला परिसर के कार्यवाहक छात्र संघ अध्यक्ष, सचिव सहित 14 छात्र नेताओं व 2 आउटसोर्स कर्मचारियों के खिलाफ नामजद तथा 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी पर अभद्र भाषा का प्रयोग, गाली-गलौज, बंधक बनाना, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मामले की जल्द विवेचना शुरू कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जिन आउटसोर्स कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है उनमें आउटसोर्स कर्मचारी संगठन का अध्यक्ष भी शामिल है।

विज्ञापन


गढ़वाल विवि में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा पूर्व की भांति यथावत रखने व अन्य 15 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों ने बीती 22 अप्रैल को गढ़वाल विवि प्रशासनिक भवन के कुलसचिव सभागार में कुलसचिव डा. एके झा को करीब 5 घंटे तक बंधक बना कर रखा था। कुलसचिव को सभागार से बाहर लाने के प्रयास में छात्रों व पुलिस कर्मियों में जुबानी जंग भी हुई थी।

कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि शनिवार को कुलसचिव की शिकायत पर बिड़ला परिसर के कार्यवाहक छात्र संघ अध्यक्ष अंकित उछोली व सचिव रामप्रकाश रैम्स सहित 14 छात्र नेताओं तथा 2 आउटसोर्स कर्मचारियों पर नामजद तथा करीब 150 अज्ञात छात्रों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग, गाली-गलौज, बंधक बनाना, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इन पर हुआ है नामजद मुकदमा
अंकित उछोली, अमित प्रदाली, सुजीत गैरोला, मंजीत रावत, राम प्रकाश, संदीप राणा, देवकांत देवराड़ी, शैलेष मलासी, विनीत पोस्ती, सुधीर जोशी, आयुष मियां, प्रवीण भंडऱरी, दीपक उनियाल, अतुल सती (सभी छात्र नेता) तथा अजय पडियार (आउटसोर्स कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष) व गिरीश चंद्र बलूनी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें