आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा यथावत रखे जाने सहित कई अन्य मांगों को लेकर छात्रों ने शनिवार को प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट को 3 घंटे तक बंद रखा। जिसके चलते कुलपति व कुलसचिव प्रशासनिक भवन स्थित अपने कार्यालयों में नहीं बैठ पाए। बाद में करीब 1 बजे छात्रों ने मुख्य गेट खोल दिया। हालांकि छात्रों का धरना प्रशासनिक भवन स्थित एचएन बहुगुणा की मूर्ति वाले मैदान में जारी रहा। छात्रों ने सोमवार से विवि के तीनों परिसरों को बंद करने की चेतावनी दी थी।
इन मांगों के लिए आंदोलित हैं छात्र
1- विवि की सभी परीक्षाओं का परिणाम समय पर घोषित किया जाए।
2- विवि के तीनों परिसरों, सभी विभागों व छात्रावासों में वाटर कूलर की व्यवस्था की जाए।
3- सीबीसीएस में मुख्य परीक्षाओं की भांति बैक पेपर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
4- विवि में आउटसोर्स के माध्यम से तैनात कर्मियों की सेवा पूर्व की भांति यथावत रखी जाए।
5- पुस्तकालयों के रीडिंग रूम राष्ट्रीय अवकाशों को छोड़कर सभी दिन खुले रखे जाएं।
6- विवि में दीक्षांत समारोह हर वर्ष आयोजित किया जाए।
7- विवि के तीनों परिसरों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा अन्य कई मांगों पर भी कार्रवाई के लिए छात्र आंदोलित हैं।
कुलसचिव को बंधक बनाने के मामले में 14 छात्र नेताओं व 2 आउटसोर्स कर्मचारियों पर केस
गढ़वाल विवि के कुलसचिव डा. एके झा को बंधक बनाने के मामले मे कोतवाली पुलिस ने बिड़ला परिसर के कार्यवाहक छात्र संघ अध्यक्ष, सचिव सहित 14 छात्र नेताओं व 2 आउटसोर्स कर्मचारियों के खिलाफ नामजद तथा 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी पर अभद्र भाषा का प्रयोग, गाली-गलौज, बंधक बनाना, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मामले की जल्द विवेचना शुरू कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जिन आउटसोर्स कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है उनमें आउटसोर्स कर्मचारी संगठन का अध्यक्ष भी शामिल है।