- 28 जनवरी को कार ने सुजल को मारी थी टक्कर, न्याय की मांग के लिए की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। सड़क हादसे में घायल युवक सुजल की मौत के बाद बुधवार को परिजनों समेत स्थानीय लोगों ने प्रेमनगर थाने के बाहर एंबुलेंस में शव रखकर विरोध जताया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए नारेबाजी की। इसके बाद सुजल को न्याय दिलाने के लिए बैनर लगाकर न्याय यात्रा भी निकाली। इधर, एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मेरठ रवाना की गई थी। कार चालक गौरव निवासी परतापुर मेरठ को हिरासत में ले लिया गया है। कार को भी कब्जे में लिया गया है। दूसरे आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
दरअसल, 28 जनवरी की रात प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी क्षेत्र में एक कार ने 19 वर्षीय युवक सुजल खंडूजा को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक ने 10 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया। बताया जा रहा है कि कार में तीन चार युवक शराब के नशे में थे। मंगलवार को जिंदगी और मौत के बीच लड़े युवक सुजल की मौत हो गई। बुधवार को परिजनों के साथ व्यापारी और स्थानीय लोग सुजल के शव के साथ एंबुलेंस लेकर प्रेमनगर थाने के बाहर पहुंचे और विरोध जताया। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि कार में सवार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और सुजल को न्याय दिलाया जाए। स्थानीय लोगों ने कहा कि हरियाणा नंबर की कार में सवार लोगों ने शराब के नशे में टक्कर मारी और कार छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और स्थानीय लोगों ने रोष जताया। प्रेमनगर व्यापार मंडल ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को प्रेमनगर थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।