नगर पालिका की ओर से लंढौर मार्ग पर लगाए जा रहे लोहे के (आयरन) गार्डर का जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है। वहीं, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी का कहना है कि व्यापारियों ने लोहे के गार्डर लगाने की मांग की थी।
शुक्रवार को पिक्चर पैलेस से लंढौर मार्ग में गार्डर लगाने का काम शुरू किया गया लेकिन जनप्रतिनिधियों ने विरोध कर दिया। कहा कि इससे सड़क संकरी हो जाएगी और जाम की समस्या खड़ी हो जाएगी। पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि इससे पर्यटन सीजन में पर्यटकों और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। नगर पालिका को कोई भी काम लोगों को विश्वास में लेकर करना चाहिए। वहीं, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि स्थानीय सभासदों और व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर आयरन गार्डर लगाने की मांग की थी।
व्यापारियों और सभासदों की मांग पर ही लंढौर रोड पर काम शुरू किया गया। व्यापारियों के अनुसार यहां अवैध तरीके से बड़ी संख्या में रेंटल स्कूटर खड़े किए जा रहे हैं। इससे बार-बार जाम लग रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का काम ही सिर्फ विरोध करना रह गया है।