पहाड़ों के प्रवेश द्वार हल्द्वानी समेत कुमाऊं भर में शराब की दुकानों को आबादी के बीच शिफ्ट करने के विरोध में उग्र प्रदर्शन का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। हल्द्वानी में प्रेमपुर लोश्ज्ञानी में शराब का ठेका खुलने के विरोध में सड़कों पर उतरी महिलाओं और ग्रामीणों ने चक्का जाम किया तो तहसीलदार ने ठेका बंद करा दिया।
राजपुरा में कांग्रेस नेता ने महिलाओं के साथ एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन और हंगामा किया। बेड़ीनाग बाजार में महिलाओं ने दरांती-बिच्छू घास के साथ प्रदर्शन और चक्का जाम किया। सोमेश्वर के पल्यूड़ा गांव में ठेके के लिए टिनशेड डालने से गुस्साई महिलाओं ने टिनशेड ध्वस्त कर दिया और सोमेश्वर बाजार में जाकर सेल्समैन के कमरे में तोड़फोड़ की। शराब के पव्वे भी तोड़ दिए। गरुड़, खटीमा, बेड़ीनाग, सूखीढांग में भी शराब के खिलाफ लोगों का विरोध मुखर रहा।
पिथौरागढ़ जिले में बेड़ीनाग के पुंकेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर शराब की दुकान खोलने के विरोध में बोराखेत और चनकाना की महिलाओं ने बेड़ीनाग बाजार में दरांती, लाठी और बिच्छू घास हाथों पर लेकर उग्र प्रदर्शन किया। क्वीटी में महिला मंगल दल ने शराब की दुकान खोलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। थल के पुराना बाजार मार्ग पर शराब की दुकान खोलने की आशंका पर महिलाएं शाम 7 से रात 2 बजे तक धरना दे रही हैं।
चंपावत के सूखीढांग से शराब की दुकान को शिफ्ट कर धूरा मार्ग पर खोलने की संभावना के चलते बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने बृजनगर के राममंदिर परिसर में आठवें दिन भी धरना दिया। ग्रामीण भजन-कीर्तन कर रतजगा कर रहे हैं।