उत्तराखंड के बैंकों में 25 फरवरी से प्रस्तावित चार दिवसीय हड़ताल अब नहीं होगी। इंडियन बैंकर्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच सोमवार को 15 फीसदी वेतन बढ़ोतरी पर सहमति बन गई। इसके साथ ही बैंकों में हर दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश को भी हरी झंडी मिल गई है।
सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर
अन्य शनिवार पूर्ण कार्य दिवस रहेंगे। चिकित्सा, वाहन खर्च समेत अन्य सुविधाओं पर भी सहमति बनी है। मुंबई में हुई त्रिपक्षीय वार्ता के दौरान इस संबंध में एक सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।
बैंक कर्मियों को वेतन बढ़ोत्तरी का लाभ एक नवंबर, 2012 से मिलेगा। यह वेतन समझौता तभी से लंबित था। तभी से बैंक अधिकारी, कर्मी अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे थे।
सोमवार को वेतन समझौते पर करार होने की खबर आते ही दून के बैंक अधिकारियों, कर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई। एक-दूसरे को बधाई देने के साथ ही कईयों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर मांग पूरा होने की खुशी मनाई। यूएफबीयू के प्रदेश संयोजक जगमोहन मेहंदीरत्ता ने अभी तक बैंक कर्मियों के आंदोलन की वजह से जनता को होने वाली परेशानी के लिए खेद भी जताया।