पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर शेखर व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हत्याकांड में दूसरे बदमाश की पहचान आकाश निवासी चांव मंडी रुड़की निवासी है। जांच में यह भी साफ हो गया है कि प्रॉपर्टी विवाद में ही अधिवक्ता की हत्या की गई थी। उन्होंने बताया कि जल्द ही दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी। उधर, सिविल अस्पताल में पुलिस सुरक्षा के बीच शव का पोस्टमार्टम हुआ।
अधिवक्ता कृष्ण गोपाल की हत्या करने के बाद जहां दोनों आरोपी शेखर व आकाश फरार चल रहे हैं। वहीं, पुलिस के डर से दोनों आरोपियों के परिवार वाले भी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश के लिए सहारनपुर, मुजफ्फरनगर समेत कई स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही उनके परिजनों का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीम लगाई गई हैं। दोनों आरोपियों के परिजन भी घर से फरार चल रहे हैं। जल्द ही दोनों की गिरफ्तारी की जाएगी।