सूचना पर एसओ राजपुर अरविंद चौधरी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। एसओ अरविंद चौधरी ने बताया कि कमरे में दो पैकेट कीटनाशक व एक अन्य जहरीले पदार्थ का पैकेट भी पड़ा हुआ था। एसओ ने बताया कि परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को देखकर लग रहा था कि विक्रम भाटिया ने जहरीला पदार्थ भी कोल्डड्रिंक में मिलाकर पिया था। हालांकि, मंगलवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग ही आया है। विसरा को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। इसके साथ ही कमरे से मिली हर वस्तु को भी सील कर दिया गया है।
पत्नी से भी हुई बात
विक्रम ने सोमवार शाम को लुधियाना में अपनी पत्नी से भी फोन पर बात की थी। पत्नी ने जब बेटी के परेशान होने की बात कही तो विक्रम ने बैटरी डाउन होने का बहाना करते हुए फोन काट दिया। परिजनों से बातचीत के आधार पर पुलिस ने बताया कि वे काफी समय से परेशान चल रहे थे।
किसके देने हैं पांच लाख
प्रॉपर्टी डीलर ने डायरी में लाल रंग से लिखा है कि उसके ऊपर पांच लाख रुपये की देनदारी है। ऐसे में यह बात पुलिस के गले भी नहीं उतर रही है कि आखिर लुधियाना में इतने बड़े कंस्ट्रक्शन कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखने वाला विक्रम भाटिया केवल पांच लाख रुपये की देनदारी के कारण आत्महत्या कैसे कर सकता है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।