- राजकीय शिक्षक संघ की गढ़वाल और कुमाऊं मंडलीय कार्यकारिणी के चुनाव
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राजकीय शिक्षक संघ की गढ़वाल और कुमाऊं मंडल कार्यकारिणी के चुनाव में शिक्षकों ने पदोन्नति, तबादले और वेतन विसंगति को मुद्दा बनाया हुआ है। कुमाऊं मंडल कार्यकारिणी के चुनाव 22 व 23 दिसंबर को एवं गढ़वाल मंडल के 23 व 24 दिसंबर को होंगे।
प्रदेश में शिक्षकों की पदोन्नति पिछले कई वर्षों से लटकी है। इस साल तबादला एक्ट के तहत तबादले भी नहीं हुए। इससे नाराज शिक्षकों के आंदोलन के बाद विभाग ने धारा 27 के तहत तबादलों के लिए आवेदन मांगे, लेकिन अब तक तबादला आदेश जारी नहीं हुआ। शिक्षकों ने इन सबको चुनाव में मुद्दा बनाया है। उनका कहना है कि यदि चुनाव जीते तो इन समस्याओं का निपटारा कराएंगे।
-
गढ़वाल में अध्यक्ष पद पर श्याम सिंह और जयदीप के बीच मुकाबला
देहरादून। राजकीय शिक्षक संघ के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष पद पर श्याम सिंह सरियाल व जयदीप रावत के बीच मुकाबला है। श्याम सिंह सरियाल वर्तमान में गढ़वाल मंडल अध्यक्ष है, जो फिर से इस पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि जयदीप रावत पौड़ी जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं। गढ़वाल मंडल मंत्री पद के लिए तीन दावेदार हैं। इसमें नागेंद्र पुरोहित संगठन में दो बार जिला मंत्री व एक बार संगठन मंत्री रह चुके हैं। मनमोहन चौहान जिला मंत्री और नरेश भट्ट जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री, संगठन मंत्री आदि पदों के लिए भी कई दावेदार मैदान में हैं।
-
कुमाऊं मंडल अध्यक्ष पद पर चार दावेदार
देहरादून। राजकीय शिक्षक संघ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष पद पर चार दावेदार गोकुल मर्तोलिया, गोविंद सिंह भंडारी, डॉ रविशंकर गुसाई और त्रिवेंद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं। जबकि मंडलीय मंत्री पद पर डॉ. विवेक पाण्डे, भारतेंदु जोशी व कैलाश टोलिया भाग्य आजमा रहे हैं। मंडल में उपाध्यक्ष महिला और पुरुष, संगठन मंत्री, संयुक्त मंत्री और आय व्यय निरीक्षक के पद के लिए भी चुनाव होगा।