-वर्तमान में विवि के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में ही दे रहे थे सेवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के नए कुलपति होंगे। सोमवार को राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया। कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक वे इस पद पर सेवाएं देंगे। वर्तमान में वे विवि के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में कार्यरत हैं।
उन्होंने पंतनगर विवि में प्रोफेसर, कृषि संचार विभागाध्यक्ष, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता, विश्व बैंक पोषित एनएएचईपी परियोजना के प्रधान अन्वेषक समेत अनेक अन्य परियोजनाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उनका चयन शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्तर के लीडरशिप इन एजुकेशन कार्यक्रम के लिए किया, जिसके तहत उन्हें भावी शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता के रूप में हैदराबाद विवि और ऑस्ट्रेलिया के मोनाश विवि में प्रशिक्षण मिला। वर्ष 2019 से वे पंतनगर विवि में रैंकिंग टीम के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में विवि ने आईसीएआर रैंकिंग में राज्य कृषि विवि के बीच प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 1500 से अधिक सॉफ्ट स्किल विकास सत्रों का निर्माण एवं क्रियान्वयन किया है, जिनमें पाठ्यक्रम निर्माण, शिक्षण कौशल, प्रशासनिक कौशल, नेतृत्व क्षमता, श्रवण कौशल, प्रबंधन संचार तथा भाषा कौशल शामिल हैं। इनसे देशभर के संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों को लाभ मिला है। उन्होंने 25 से अधिक पुस्तकों और 55 शोध पत्रों का लेखन किया है। 75 से अधिक अग्रणी अंतरराष्ट्रीय विवि के साथ एक सशक्त संस्थागत नेटवर्क विकसित किया है।