देहरादून-विकासनगर मार्ग पर प्रेमनगर क्षेत्र में बेलगाम निजी संस्थान की बस ने बाइक को टक्कर मार सड़क पर गिरे छात्र को कुचल डाला।
बाइक सवार बीटेक छात्र की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी छात्रा बाल-बाल बच गई। इससे छात्र भड़क गए और जमकर हंगामा किया। कई वाहनों पर पत्थर बरसाए। छात्रों ने दून-विकासनगर मार्ग को घंटों जाम रखा। पत्थरबाजी में एक सिपाही को चोट लगने के बाद पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ को खदेड़ा।
भगदड़ में कई छात्रों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है मृतक छात्र बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहा था। उत्तरकाशी के मनेरी का निवासी गौरव राणा (22) प्रेमनगर के लॉ कॉलेज में बीटेक (द्वितीय) वर्ष का छात्र था।
गौरव गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे मोथरोवाला से मोटर साइकिल पर रोज की तरह रिश्तेदार मोनिका राणा को लेकर कॉलेज जा रहा था। प्रेमनगर क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास दून-विकासनगर मार्ग पर एक निजी संस्थान की बस ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि झटके से पीछे बैठी मोनिका उछलकर दूसरी तरफ गिर गई, जबकि गौरव बाइक समेत सड़क पर गिर गया। बस सड़क पर पड़े गौरव को रौंदते हुए निकल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने नाजुक हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।